नीतीश सरकार पर जमकर बरसे केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, बोले- बिहार नहीं हो रहा विकसित, यह चिंता की बात
Sunday, Oct 22, 2023-12:19 PM (IST)

आरा: केंद्रीय ऊर्जा मंत्री सह आरा सांसद आरके सिंह ने शनिवार को बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला है। आरके सिंह ने कहा कि बिहार में आए दिन हत्या होती रहती है, लूट हो जाती है, बैंक डकैती हो जाती है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी के बयान देने से सच्चाई नहीं बदलेगी। सच्चाई यह है कि पूरा भारत विकसित हो रहा है और बिहार विकसित नहीं हो रहा है। यह चिंता की बात है।
दरअसल, आरा शहर के धनुपरा में शनिवार की देर शाम एक निजी कार्यक्रम के दौरान आरके सिंह पहुंचे हुए थे। इस दौरान उन्होंने तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। जब आरके सिंह से आरा के चांदी थाना क्षेत्र में बालू खनन के विवाद में हुई हत्या पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बिहार में बालू माफिया, शराब माफिया, अफीम माफिया, हिरोइन माफिया सब एकदम बिल्कुल घर पर है। नीतीश जी क्या शासन चलाते है वो कोई शासन नहीं चलाते है।
आरके सिंह ने कहा कि अभी हम गांव में गए थे। बिहार में गरीब आदमी को प्रधानमंत्री आवास योजना नहीं मिला है। क्योंकि वो पैसा घुस नहीं दिया था। कोई ब्लॉक में, बिना घुस दिए आवास योजना नहीं मिलता है।