स्कूल में बच्चों से बेंच ढुलवाने के आरोप में 2 शिक्षिकाएं निलंबित, शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
Sunday, Jul 19, 2026-09:59 AM (IST)
पटना: बिहार में फारबिसगंज प्रखंड के वार्ड संख्या 10 स्थित प्राथमिक विद्यालय, खजूरबाड़ी की विशिष्ट शिक्षिका अफसाना परवीन और प्रधान शिक्षिका नीलिमा पाठक को बच्चों से अमानवीय ढंग से बेंच ढुलवाने के आरोप में शनिवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
शिक्षा विभाग से प्राप्त सूचना के अनुसार, निलंबित की गईं दोनों शिक्षिकाओं के खिलाफ अलग-अलग आरोप पत्र जारी किया जाएगा। शिक्षिका अफसाना पर विद्यालय परिसर में जलजमाव के बीच बच्चों से बेंच ढुलवाने और उस पर सवार होकर विद्यालय में प्रवेश करने का आरोप है। मामला संज्ञान में आने के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने 16 जुलाई को विशिष्ट शिक्षिका अफसाना परवीन और विद्यालय की प्रधानाध्यापिका होने के नाते प्रधान शिक्षिका नीलिमा पाठक से स्पष्टीकरण मांगा था। दोनों शिक्षिकाओं ने 17 जुलाई को स्पष्टीकरण का जवाब दिया, जिसे जांच में असंतोषजनक पाया गया।
यह भी पढ़ें- गृह विभाग के 2 अधिकारी निलंबित, प्रशासनिक महकमे में मचा हड़कंप
इस जांच में प्रथम द्दष्टया यह पाया गया कि दोनों का कृत्य लापरवाही, स्वेच्छाचारिता, विभागीय निर्देशों की अवहेलना तथा सरकारी सेवक के आचरण के प्रतिकूल है। साथ ही यह बच्चों के अधिकारों एवं शिक्षा के अधिकार अधिनियम 2011 के प्रावधानों के भी विपरीत है। इसी आधार पर बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के प्रावधानों के तहत विशिष्ट शिक्षिका अफसाना प्रवीण और प्रधान शिक्षिका नीलिमा पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की गई है। निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, फारबिसगंज निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

