आने वाला झारखंड विधानसभा चुनाव हम लोगों के 5 साल का भविष्य निर्धारित करेगा: चिराग पासवान

Monday, Sep 30, 2024-02:17 PM (IST)

रांची: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि आने वाला झारखंड विधानसभा चुनाव हम लोगों के 5 साल का भविष्य निर्धारित करेगा। पासवान ने धनबाद स्थित बीसीसीएल के नेहरू स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बीते रविवार को पार्टी के एक विशाल जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हम लोगों ने पिछली बार झारखंड में एक गलत चुनाव करके अपने जीवन के पांच साल बर्बाद करने का काम किया। भ्रष्ट राज्य सरकार के कारण झारखंड में पांच सालों तक विकास का कार्य बाधित रहा। पांच सालों तक हमारे प्रदेश को शर्मसार होना पड़ा।

"चुनाव में जनता का एक-एक मत झारखंड के नवनिर्माण में अहम भूमिका निभाएगा"
पासवान ने कहा कि झारखंड प्रदेश ने एक ऐसे मुख्यमंत्री को देखा, जिसे पद पर रहते हुए भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाना पड़ा। इससे झारखंड और झारखंडवासियों को दुनिया के सामने शर्मसार होना पड़ा। आने वाले विधानसभा के चुनाव में आपका एक-एक मत झारखंड के नवनिर्माण में अहम भूमिका निभाने जा रहा है। इसलिए अपने एक-एक मत का सदुपयोग कर ऐसे प्रत्याशी को चुनें जो जीतने के बाद दिन-रात आपके विकास के लिए कार्य करे, झारखंड को विकसित राज्य बनाने के लिए कार्य करे। चिराग पासवान ने रैली के सफल आयोजन के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष समेत सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद भी दिया। इस अवसर पर लोजपा रामविलास के झारखंड प्रभारी और जमुई के सांसद अरुण भारती, सह प्रभारी और खगड़यिा के सांसद राजेश वर्मा और झारखंड प्रदेश लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान ने भी रैली को संबोधित किया और झारखंड में एक बेहतर सरकार बनाने का आह्वान किया। इससे पहले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान बीते रविवार को सुबह विमान से नई दिल्ली से रांची हवाई अड्डे पहुंचे जहां पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। पासवान कार से रांची से धनबाद गए और इस दौरान रास्ते में कई स्थानों पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।

"चिराग पासवान के रहते न आरक्षण और न ही संविधान को कोई खतरा है"
पासवान ने कहा कि पिछले चुनाव में हम लोगों को बांटने के लिए विपक्ष ने एक और झूठ बोला। कहा, आरक्षण और संविधान को समाप्त कर दिया जाएगा। आज आप लोगों से मैं ये वादा करके जाता हूं कि जब तक चिराग पासवान जिंदा है, ना आरक्षण को कोई खतरा है और ना ही संविधान को कोई खतरा है। खतरा तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी और उनके गठबंधन से है। इन लोगों ने भ्रष्टाचार करके अकूत संपत्ति जमा कर ली, अपने सात पुश्तों का इंतजाम कर लिया, लेकिन युवाओं के लिए कोई काम करना जरूरी नहीं समझा। ये लड़ाई विकसित झारखंड बनाने की है। झारखंड की अस्मिता की ये लड़ाई है और ये लड़ाई हम सभी को एकजुट होकर लड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है अपने नेता और अपने पिता पर जिन्होंने अपने स्वास्थ्य की परवाह न करते हुए महामारी के दौरान हज़ारों लाखों लोगों के पेट भरने की चिंता से चिंतित थे। वे 80 करोड़ लोगों के पेट में अन्न जाए उसके इंतज़ाम में लगे थे। यदि वे 80 करोड़ लोगों की परवाह न कर, अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देते तो वो आज मेरे साथ होते। पासवान ने कहा कि महागठबंधन में शामिल दल यहां के युवाओं को जात-पात, धर्म-मजहब में बांटकर रखना चाहते हैं। आज जरूरत है, इन सबसे उपर उठाकर जमात की बात करने की। गरीब, युवा, किसान, महिला और मजदूरों की बात करने की। तभी हम सही मायने में एक विकसित झारखंड का निर्माण कर सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static