बिहार में खुली भ्रष्टाचार की पोल, IGIMS में 120 करोड़ से 1 साल पहले बनी इमारत की छत गिरी
Saturday, Sep 04, 2021-02:17 PM (IST)

पटनाः बिहार में एक बार फिर भ्रष्टाचार की पोल खुली है। शुक्रवार को पटना के IGIMS में 120 करोड़ की लागत से बने स्टेट कैंसर सेंटर के कमरों की छत टूट कर नीचे गिर गई। गनीमत यह रही कि घटना के समय उन कमरों में कोई मरीज नहीं था। हालांकि, वहां काम कर रहे एक मजदूर का पैर टूट गया। वहीं घायल मजदूर को तत्काल इलाज के लिए ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, इस सेंटर की इमारत 120 करोड़ की लागत से सिर्फ एक साल पहले बनी है, जिसका उद्घाटन खुद सीएम नीतीश कुमार ने किया था। तकरीबन एक महीने पहले इस सेंटर में मरीजों का इलाज शुरू किया गया है। वहीं शुक्रवार की दोपहर अचानक इस सैंटर के दो कमरों की छत टूट कर नीचे गिर गई। छत गिरने की आवाज इतनी जोर से आई कि निचले तल्ले पर मौजूद लोग भाग कर बाहर निकल गए। वहां मौजूद लोग काफी सहम गए।
इस घटना के संबंध में मेडिकल सुपरिडेंट मनीष मंडल ने बताया कि कैंसर विभाग के ऑपरेशन थियेटर में काम चल रहा था। इसी दौरान कमरे छत टूटकर गिर गई जिससे एक मजदूर का पैर टूट गया। घायल मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती करवाया गया है। इसके बाद पैर को प्लास्टर कर दिया गया है। बता दें कि 120 करोड की लागत से बने कैंसर सेंटर का उद्घाटन 22 सितंबर 2020 में किया गया था।