"झूठे श्रेय की बैसाखियों पर टिकी है तेजस्वी यादव की पूरी राजनीति", उमेश कुशवाहा का आरोप

Monday, Jun 23, 2025-01:59 PM (IST)

Bihar Politics: बिहार जनता दल यूनाईटेड (JDU) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा (Umesh Singh Kushwaha) ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव (Tejashwi Yadav) की पूरी राजनीति झूठे श्रेय की बैसाखियों पर टिकी हुई है। 

कुशवाहा ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि जिनके पास अपने माता-पिता के 15 वर्षों के शासनकाल की एक भी ठोस उपलब्धि बताने को नहीं है, वे नीतीश सरकार की जनहितकारी योजनाओं का झूठा श्रेय लेकर अपनी राजनीतिक दुकानदारी चमकाने में लगे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेजस्वी यादव बार-बार बिहार की जागरूक जनता को गुमराह करने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब जनता बिना काम वाले क्रेडिटधारियों के बहकावे में आने वाली नहीं है। लोकसभा चुनाव के दौरान भी नौकरी के नाम पर झूठ फैलाने की साजिश रचने वाले तेजस्वी यादव को जनता ने महज चार सीटों पर सिमटा कर आईना दिखाने का काम किया।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तेजस्वी यादव द्वारा अपने माता-पिता के शासनकाल पर मौन साध लेना, उस 15 वर्षीय कार्यकाल की घोर नाकामी और प्रशासनिक विफलता की मौन स्वीकारोक्ति है। उन्होंने यह भी कहा कि झूठे क्रेडिट की बैसाखियों पर ही तेजस्वी यादव की पूरी राजनीति टिकी हुई है। उन्होंने कहा कि जनता का अटूट विश्वास ही हमारे नेता नीतीश कुमार की सबसे बड़ी ताकत है। तेजस्वी चाहे जितने भी हथकंडे अपना लें, लेकिन सूबे की आम आवाम उनकी असलियत को भली-भांति पहचानती है। जिस प्रकार लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव में जनता ने उन्हें सबक सिखाया, उससे भी बुरा राजनीतिक हश्र उनकी पार्टी और गठबंधन का आगामी विधानसभा चुनाव में होने वाला है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static