सुशील मोदी का तंज- बाढ़ और सुखाड़ की मार झेल रहा बिहार, दिल्ली के राजनीतिक पर्यटन पर नीतीश कुमार

Wednesday, Sep 07, 2022-10:35 AM (IST)

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी दलों को एकजुट करने की मुहिम में लगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना करते हुए कहा कि जब बिहार बाढ़ और सूखे की दोहरी मार झेल रहा है, तब नीतीश कुुमार केवल सुर्खियों में रहने के लिए दिल्ली के राजनीतिक पर्यटन पर हैं।

सुशील मोदी ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि 1960 के दशक में डा. राम मनोहर लोहिया और 1974-77 के बीच लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने जिस कांग्रेस के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ी, उसके नेतृत्व की सबसे नकारा पीढ़ी के आगे लालू प्रसाद यादव के बाद अब नीतीश कुमार का नतमस्तक होना अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार उन दलों को कांग्रेस के साथ लाने के असम्भव अभियान ( मिशन इम्पॉसिबल) पर हैं, जो विभिन्न राज्यों में कांग्रेस से लड़ कर ही सत्ता में हैं। केरल, पश्चिम बंगाल, दिल्ली इसके प्रमाण हैं।


भाजपा सांसद ने कहा कि नीतीश कुमार का पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा से मिलना इस बात का संकेत है कि वे केंद्र में अस्थिर और कमजोर सरकारों वाला दौर लौटा कर देश के पुराने शत्रुओं की मदद करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि 1990 के दशक में देवगौड़ा-गुजराल समेत 6 प्रधानमंत्री हुए थे। नीतीश कुमार उस दौर से बाहर नहीं निकल पाए जबकि 2014 के बाद देश बहुत आगे निकल चुका है। सुशील मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार उस कांग्रेस से मिल रहे हैं, जो केवल दो राज्यों में सिमट चुकी है। वे उन वाम दलों को भी जोड़ना चाहते हैं, जिनका वजूद खत्म हो रहा है। उन्होंने कहा,' जदयू का नीतीश कुमार को राष्ट्रीय राजनीति में भेजना एक मनोरंजक प्रयोग है, 'दिल बहलाने को गालिब ये खयाल अच्छा है..।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static