नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा, ट्रक से टक्कर के बाद यात्रियों से भरी बस पलटी, मची चीख-पुकार
Thursday, Apr 16, 2026-11:19 AM (IST)
Supal Road Accident: बिहार के सुपौल जिले में गुरुवार की अहले सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां एक अनियंत्रित बस और ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर हो गई।। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्रियों से भरी बस एनएच-27 के किनारे हरियाही के समीप पलट गई। इस घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बस में लगभग 40 यात्री थे सवार
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के निर्मली थाना क्षेत्र में सुबह करीब चार बजे की है। बताया जा रहा है कि बस पटना से उदाकिशुनगंज जा रही थी। इस दौरान हरियाही स्थित हर्ष पेट्रोल पंप के पास बस और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के समय बस में लगभग 40 यात्री सवार थे, जिनमें से लगभग सभी को चोटें आई हैं।
8 यात्रियों की हालत गंभीर
इधर, घटना की सूचना मिलते ही निर्मली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इस हादसे में ट्रक चालक भी वाहन के मलबे में फंस गया था, जिसे पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल (SDH) निर्मली ले जाया गया। वहीं 8 यात्रियों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर (रेफरल) भेज दिया गया है। घटना के संबंध में निर्मली थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

