कैबिनेट का फैसलाः पटना म्यूजियम और बिहार म्यूजियम के बीच बनेगा सब वे, 542 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
Tuesday, Aug 08, 2023-02:28 PM (IST)

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): बिहार कैबिनेट की बैठक में आज 9 एजेंडों पर मुहर लगी है। अब पटना म्यूजियम और बिहार म्यूजियम के बीच सब वे बनेगा। कुल 542 करोड़ रुपए की लागत से उस सब वे का निर्माण होगा। बिहार इंटरनेशनल म्यूजियम घूमने वाले को एक साथ दोनों म्यूजियम को घूमने में सुविधा होगी।
प्रवासी मजदूरों की मौत पर मिलेगा दो लाख का मुआवजा
नीतीश कैबिनेट ने बिहार औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए कुल 150 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में यह राशि खर्च होगी। बिहारी के प्रवासी मजदूरों की मौत पर राज्य सरकार दो लाख रुपए का मुआवजा देगी। एक लाख की राशि को बढ़ा कर दो लाख रुपए की गई है। स्थाई अपंगता में अब 75 हजार के बजाए 1 लाख रुपए, आंशिक अपंगता में 37 हजार 500 रुपए को बढ़ाकर 50 हजार रुपए किया गया है।
वैशाली में लगेगा पोटैटो चिप्स यूनिट
वहीं वैशाली में आईटीआई बनेगा। वैशाली के राघोपुर और सारण के आईटीआई में 86 पदों का सृजन किया गया है। हर साल 4 करोड़ 68 लाख रुपए खर्च होंगे। वैशाली में पोटैटो चिप्स यूनिट लगेगा। निजी निवेश के तहत यह यूनिट लगना है। 265 कुशल और अकुशल कामगारों को प्रत्यक्ष तौर पर रोजगार मिलेगा। पटना के औद्योगिक क्षेत्र में भी पोटैटो चिप्स यूनिट निजी सहयोग से लगेगा। कुल 472 कुशल और अकुशल मजदूरों को रोजगार मिलेगा। 66 करोड़ 99 लाख रुपए की राशि खर्च होगी।