पंजाब में चरणजीत सिंह चन्नी को चंद महीने के लिए CM बनाना दलितों का अपमानः सुशील मोदी

9/21/2021 2:14:59 PM

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि पंजाब में चरणजीत सिंह चन्नी को चंद महीने के लिए मुख्यमंत्री बनाना दलितों का अपमान है।

सुशील मोदी ने सोमवार को ट्वीट कर कहा कि पंजाब में चरणजीत सिंह चन्नी को मात्र छह महीने के लिए मुख्यमंत्री बनवाना और उनका शपथ ग्रहण होते ही इस पद के दूसरे दावेदार नवजोत सिंह सिद्धू के चेहरे पर विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा करना दलित नेता का अपमान है। उन्होंने कहा कि सिद्धू पर ज्यादा भरोसा कर कांग्रेस आलाकमान ने पहले ही दिन चन्नी की क्षमताओं पर परोक्ष रूप से अविश्वास प्रस्ताव भी पारित कर दिया।

भाजपा सांसद ने कहा कि पंजाब के दलित कांग्रेस के ‘दलित प्रेम' की असलियत खूब समझते हैं। उन्होंने कहा कि जिस पंजाब में रोज पाकिस्तान से आने वाले ड्रोन, आरडीएक्स और घातक हथियार पकड़े जा रहे हैं, उसमें पाकिस्तान के सेना प्रमुख बाजवा को गले लगाने वाले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धू पर राहुल गांधी का बढ़ता भरोसा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। मोदी ने कहा कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने जिस खतरे से आगाह किया है, उस पर कांग्रेस नेतृत्व को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस देश की सुरक्षा की कीमत पर राजनीति कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static