बिहार की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत: राज्यपाल

Wednesday, Mar 15, 2023-04:39 PM (IST)

 

पटनाः बिहार के राज्यपाल एवं कुलाधिपति राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उच्च शिक्षा के लिए प्रदेश से बाहर जाने की छात्रों की विवशता के लिए यहां की शिक्षा व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही कहा कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने की जरूरत है।

राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा की अधिषद् की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा समाज की संस्कृति का द्योतक होता है और हम सब संस्कृति के रक्षक हैं। इसलिए, बिहार की शिक्षा व्यवस्था में हम सबको मिलकर सुधार लाने की आवश्यकता है। उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए बिहार से बाहर जाने की छात्रों की विवशता के संबंध में कहा कि इसके लिए यहां की शिक्षा व्यवस्था जिम्मेदार है। राज्यपाल ने अधिषद् के सदस्यों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि उनपर विद्यार्थियों का भविष्य संवारने का दायित्व है। विद्यार्थी भविष्य के सपने लेकर विश्वविद्यालय में आते हैं और हमसे उनकी काफी अपेक्षाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि अधिषद् की बैठक में केवल बजट ही पारित नही किये जाने चाहिए बल्कि विश्वविद्यालय की शिक्षा व्यवस्था पर भी विचार किया जाना चाहिए।

आर्लेकर ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ ही शैक्षिक अराजकता और भ्रष्टाचार को दूर करने के लिए कठोर निर्णय लेने की आवश्यकता बतायी और कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की स्थिति केवल कागजी आदेशों से ही नहीं सुधरेगी बल्कि इसके लिए कठोर निर्णय लिए जाएंगे। इससे कुछ लोगों को निराशा भी हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static