उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने कहा- बिहार में औद्योगिक क्रांति के लिए छोटे-छोटे उद्योग होंगे स्थापित

Sunday, Apr 16, 2023-11:38 AM (IST)

औरंगाबाद: बिहार के उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने कहा कि राज्य में औद्योगिक क्रांति लाने के लिए छोटे-छोटे उद्योग स्थापित किए जाएंगे और टेक्सटाइल, खादी एवं लेदर उद्योग को बढ़ावा दिया जाएगा। महासेठ ने शनिवार को यहां ‘दाउदनगर अनुमंडल के विकास की संभावनाएं' विषय पर दाउदनगर में आयोजित सेमिनार का उद्घाटन करने के बाद कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना से राज्य में गांव-पंचायत स्तर पर औद्योगिक क्रांति की शुरुआत हो चुकी है और इससे लोगों को रोजगार मिलने एवं आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी। 

"बेरोजगारों को उद्योग-व्यवसाय से जुड़ने की जरूरत"
उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत बेरोजगार युवक-युवतियों को उद्योग व्यवसाय के लिए 10 लाख रुपए दिए जा रहे हैं, जिसमें पांच लाख की सब्सिडी है यानी उसे लौटाना नहीं है और पांच लाख बिना ब्याज का ऋण है। उन्होंने कहा कि बिहार को औद्योगिक रूप से विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री उद्यमी योजना ऐसी योजना है जिससे बेरोजगारों का न केवल राज्य से पलायन रुकेगा बल्कि इससे राज्य में आर्थिक समृद्धि भी आएगी। उन्होंने कहा कि बेरोजगारों को उद्योग-व्यवसाय से जुड़ने की जरूरत है और ऐसी महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाना चाहिए। 

"दाउदनगर अनुमंडल में विकास की व्यापक संभावनाएं"
महासेठ ने कहा कि दाउदनगर अनुमंडल में विकास की व्यापक संभावनाएं हैं और इसके लिए सरकार, जनप्रतिनिधि, मीडिया, प्रशासन तथा नागरिकों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दाउदनगर का इतना अच्छा कम्युनिकेशन है कि यदि यहां या आसपास 200 एकड़ जमीन उपलब्ध हो जाए तो यहां हवाईअड्डे का भी निर्माण कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दाउदनगर के विकास को लेकर वह मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखेंगे और यहां किसी उद्योगपति से निवेश कराकर उद्योग लगाने का प्रयास भी करेंगे।        


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static