शादी की रस्मों के बीच किसने दबाया ट्रिगर? हर्ष फायरिंग से गई लड़के की जान, जश्न बना आफत

Tuesday, Feb 10, 2026-10:01 AM (IST)

Bihar Crime News : बिहार में एक बार फिर 'हर्ष फायरिंग' का मामला सामने आया है। यहां एक विवाह समारोह के दौरान हुई फायरिंग में एक नाबालिग लड़के की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुप्पी थाना क्षेत्र के रामनगरा गांव की है। बताया जा रहा है कि मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के सहरचियां गांव से बारात रामनगरा पहुंची थी। शादी रस्में चल रही थी और डीजे की धुन पर लोग नाच-गा रहे थे, तभी उत्साह में आकर कुछ लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान गोली शादी में आए 14 वर्षीय लड़के रौशन कुमार को जा लगी। गोली लगते ही रौशन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और ग्रामीण उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इधर घटना की सूचना मिलते ही सीतामढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। जांच में सामने आया है कि बारात में शामिल दूल्हे के बॉस ने अपने लाइसेंसी हथियार से हर्ष फायरिंग की थी। बताया जा रहा है कि आरोपी उत्तर प्रदेश से बारात में शामिल होने आया था। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने भाग रहे आरोपी की गाड़ी पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए आरोपी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी और हथियार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो से उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से जारी हथियार का लाइसेंस बरामद किया है।

पुलिस ने मौके से 10 जिंदा कारतूस, दो खोखा, लाइसेंसी हथियार और स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस घटना ने शादी के खुशनुमा माहौल को मातम में बदल दिया।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static