पत्नी की हैवानियत! सो रहे पति पर फेंका ''खौलता तेल'', वजह जान उड़ जाएंगे होश
Friday, Feb 13, 2026-09:34 AM (IST)
Bihar News : बिहार के शिवहर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को दहला कर रख दिया है। यहां एक नवविवाहिता ने अपने ही पति पर सोते समय गर्म तेल डाल दिया। वहीं इस घटना की वजह हैरान कर देने वाली है। बताया जा रहा है कि पत्नी को अपना पति पसंद नहीं था जिस कारण उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
सोते समय पति पर डाला तेल
मिली जानकारी के अनुसार, पिपराही थाना क्षेत्र के मीनापुर, बल्हा गांव की है। पीड़ित की पहचान मीनापुर निवासी 25 वर्षीय मुन्ना शाह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुन्ना शाह बुधवार दोपहर अपने घर में गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी अफसारा खातून ने गर्म तेल सीधे सो रहे मुन्ना के शरीर पर डाल दिया। गर्म तेल की वजह से मुन्ना के शरीर का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया।
पत्नी को पसंद नहीं था मुन्ना
पीड़ित के पिता नाजिर शाह ने बताया कि शादी के बाद से ही अफसारा का उनके बेटे के साथ व्यवहार अच्छा नहीं था। वह मुन्ना को पसंद नहीं करती। परिजनों का आरोप है कि बुधवार को जब मुन्ना सो रहा था, तब अफसारा ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
एक महीने पहले हुआ था निकाह
मुन्ना और अफसारा का निकाह इसी साल 12 जनवरी, 2026 को हुआ था। मुन्ना शाह पेशे से राजमिस्त्री है और हैदराबाद में काम करता था। शादी के लिए ही वह कुछ समय पहले घर लौटा था। इधर घटना की सूचना मिलते ही पिपराही थाना पुलिस मौके पर पहुँची। थानाध्यक्ष उमाकांत सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

