राजधानी पटना में सनसनीखेज हत्या, कंटाही घाट के पास युवक को चाकू से गोदा; इलाके में दहशत
Sunday, Feb 01, 2026-04:16 PM (IST)
Bihar News: राजधानी पटना से एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। आलमगंज थाना क्षेत्र में गंगा किनारे एक युवक की दिनदहाड़े चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और डर का माहौल है।
पहचान होने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा
घटना आलमगंज थाना क्षेत्र के कंटाही घाट के पास की है। स्थानीय लोगों ने झाड़ियों के बीच एक युवक को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। इसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक युवक के शरीर पर कई जगह गहरे चाकू के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा।
इलाके में दहशत का माहौल
पुलिस ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) भेज दिया गया है। घटना के बाद से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।

