नेपाल हिंसा पर सम्राट चौधरी का बड़ा बयान, बोले- कांग्रेस की भूल का नतीजा…
Thursday, Sep 11, 2025-11:43 AM (IST)

Nepal Violence News: नेपाल के मौजूदा हालात पर बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने टिप्पणी करते हुए कहा कि यह सब कांग्रेस की भूल का नतीजा है। चौधरी ने कहा कि अगर नेपाल आज भारत का हिस्सा होता तो नेपाल में शांति और खुशहाली होती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इन देशों को भारत से अलग-थलग रखा, जिसके परिणामस्वरूप आज वहां अस्थिरता देखने को मिल रही है।
"आज नेपाल भारत का हिस्सा होता, तो समृद्ध होता......"
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देश के विभाजन और पड़ोसी देशों को अलग करने का जो ऐतिहासिक निर्णय लिया था, उसी के कारण आज भारत और पड़ोसी देशों को अस्थिरता और अराजकता का सामना करना पड़ रहा है। यह पूछे जाने पर कि क्या नेपाल के घटनाक्रम के मद्देनजर उन्हें देश में सोशल मीडिया को विनियमित करने की आवश्यकता महसूस होती है जहां कई ऐप पर प्रतिबंध के विरोध में बड़े पैमाने पर विद्रोह शुरू हुआ जो जल्द एक राजनीतिक संकट में बदल गया, इस पर सम्राट ने कहा, ‘‘लोगों में असंतोष हो सकता है, लेकिन अराजकता नहीं होनी चाहिए। मैं फिर कह रहा हूं कि अगर आज नेपाल भारत का हिस्सा होता, तो नेपाल भी समृद्ध होता। मैं स्पष्ट कर रहा हूं कि यह कांग्रेस की गलती है, जिसकी वजह से हमें यह सब झेलना पड़ रहा है।''
हालांकि, वरिष्ठ भाजपा नेता को अपनी इन टिप्पणियों के कारण सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है। बिहार नेपाल के साथ सीमा साझा करता है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस की इन भूलों की वजह से न केवल भारत बल्कि पूरे दक्षिण एशिया को राजनीतिक और आर्थिक असंतुलन झेलना पड़ रहा है। सम्राट ने यह भी जोड़ा कि अब समय आ गया है कि जनता इस ऐतिहासिक सच्चाई को समझे और कांग्रेस की नीतियों को जिम्मेदार माने।
Nepal PM Oli ने पद से इस्तीफा दिया
जानकारी हो कि नेपाल में बढ़ती राजनीतिक और सामाजिक अशांति के बीच प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया है, जिससे देश की राजनीतिक स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई है। राजधानी काठमांडू और अन्य बड़े शहरों में भारी विरोध प्रदर्शन हुए, जहां प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन पर कब्जा करने की कोशिश की और कई जगह आगजनी की घटना हुई। प्रदर्शन का मुख्य कारण भ्रष्टाचार, सोशल मीडिया पर प्रतिबंध और युवाओं की बढ़ती नाराजगी बताई जा रही है।