बिहार में डिप्टी मेयर का ''बार बाला'' डांस वीडियो वायरल: शादी में ठुमके, शराब का दौर, राजनीतिक बवाल मचा!
Friday, Dec 05, 2025-08:14 AM (IST)
Bihar Viral Video News: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है। वीडियो में एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि शादी के मंच पर डांसर के साथ करीब से नजर आ रहे हैं, जबकि बैकग्राउंड में भोजपुरी गाने की धुन पर ठुमके चल रहे हैं। वीडियो में कई मेहमानों के साथ डांस होता दिख रहा है, जिसमें समस्तीपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर राम बालक पासवान भी शामिल हैं। हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव में वे प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से कल्याणपुर विधानसभा सीट पर उम्मीदवार थे, लेकिन चुनाव हार गए।
वीडियो में न सिर्फ डांस का सीन है, बल्कि कुछ लोग खुले तौर पर शराब पीते और नशे में झूमते भी दिखाई दे रहे हैं, जो बिहार के सख्त शराबबंदी कानून का उल्लंघन स्पष्ट करता है। यह घटना चार दिन पहले वारिसनगर विधानसभा क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुई बताई जा रही है।
राम बालक पासवान की सफाई: "असहज था, पैसा देकर भगाया
वायरल वीडियो पर राम बालक पासवान ने सफाई देते हुए कहा कि वे समारोह में लोगों से मिलने और कुछ आर्थिक मदद देने पहुंचे थे। "मैं एक लोकप्रिय नेता हूं, लोग बुलाते हैं तो जाना पड़ता है। वीडियो में कुछ भी अश्लील नहीं है।" उन्होंने बताया कि डांसर अचानक उनकी बगल वाली कुर्सी पर बैठ गई और 500 रुपये की मांग करने लगी। उनके पास सिर्फ 200 रुपये थे, जो उन्होंने देकर उसे हटा दिया। "मैं असहज महसूस कर रहा था, थोड़ी देर बाद ही उठकर घर चला आया।"
पासवान ने शराब पीते व्यक्ति के बारे में कहा, "उसे मैं बिल्कुल नहीं जानता।" वीडियो को वे राजनीतिक दुश्मनी का नतीजा मानते हैं। उन्होंने दावा किया कि किसी ने जानबूझकर रिकॉर्डिंग की और सोशल मीडिया पर डाल दिया। "मैं हार्ट का मरीज हूं, इस सदमे से परेशान हूं। पुलिस जांच कर रही है।" पासवान ने कहा कि यह उनकी छवि खराब करने की साजिश है, क्योंकि वे जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़े थे।
सोशल मीडिया पर मचा हंगामा
वीडियो वायरल होते ही ट्विटर (X) और फेसबुक पर मीम्स की बाढ़ आ गई। कुछ यूजर्स ने इसे "शराबबंदी का मजाक" बताते हुए सरकार पर सवाल उठाए, तो कुछ ने पासवान की "लोकप्रियता" पर तंज कसे। विपक्षी दलों ने इसे मुद्दा बनाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को ऐसी घटनाओं से दूर रहना चाहिए। पुलिस ने वीडियो की प्रामाणिकता जांचने के लिए एक्शन लेना शुरू कर दिया है, और आयोजकों पर भी नजर रखी जा रही है।
यह वीडियो बिहार की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर सकता है, खासकर जब विधानसभा चुनाव के घाव अभी ताजा हैं। अब देखना है कि जन सुराज पार्टी इस पर क्या स्टैंड लेती है।

