ड्यूटी पर तैनात RPF जवान की हत्या, 30 मई को आने वाले थे घर; शव गांव पहुंचते ही मच गया कोहराम
Thursday, May 28, 2026-05:33 PM (IST)
Bihar Crime News: बिहार के मुंगेर जिले से दिल दहला देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के एक जवान की ड्यूटी के दौरान अज्ञात अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। नदी के किनारे जवान का शव बरामद होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं इस हत्याकांड की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में चीख-पुकार और कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, घटना बीते 25 मई की रात की है। मृतक जवान की पहचान मुंगेर के नया रामनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत महमदा गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है। धर्मेंद्र रेलवे सुरक्षा बल (RPF) में लैलख ममलखा आउटपोस्ट पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि वह आगामी 30 मई को छुट्टी लेकर घर लौटने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही अज्ञात अपराधियों ने बेरहमी से उनकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या करने के बाद अपराधियों ने जवान के शव को पास ही एक नदी के किनारे फेंक दिया।
दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
जवान का शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। धर्मेंद्र की पत्नी रानी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। आरपीएफ जवान की हत्या से दो मासूमों के सिर से पिता का साया उठ गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया है। फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वहीं इस हत्याकांड को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है, जिसके चलते पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 48 घंटे का कड़ा अल्टीमेटम जारी किया है।

