Rohtas Firing: बिहार के इस गांव में 50 राउंड फायरिंग, युवक की मौत; गोलीबारी और पत्थरबाजी का VIDEO वायरल
Monday, Dec 29, 2025-12:39 PM (IST)
Rohtas Firing: बिहार के रोहतास जिले में भूमि विवाद को लेकर (Rohtas Firing) जमकर गोलीबारी हुई। इस हिंसक घटना में बीच-बचाव करने आए एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई, जिससे गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सोशल मीडिया पर इस गोलीबारी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
गोलीबारी और पत्थरबाजी का वीडियो वायरल
वायरल वीडियो नासरीगंज थाना क्षेत्र के लाला अतिमी गांव का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अरविंद कुमार, निवासी लाला अतिमी गांव के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि लगभग तीन साल पुराने भूमि विवाद को लेकर यह गोलीबारी हुई। वायरल वीडियो में महिलाएं और पुरुष लाठी-डंडों के साथ पत्थरबाजी करते दिख रहे हैं, वहीं कुछ लोग खुलेआम फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
लगभग 50 राउंड फायरिंग का दावा
ग्रामीणों का दावा है कि घटनास्थल पर करीब 50 राउंड गोलियां चलाई गईं। पत्थरबाजी और फायरिंग में कई लोग घायल भी हुए हैं।
विवादित जमीन पर पहले से लागू है धारा 144
जानकारी के अनुसार, लाला अतिमी गांव में विवादित जमीन को लेकर साल 2022 से मामला न्यायालय में लंबित है। विवादित भूमि पर धारा 144 लागू होने के बावजूद एक पक्ष द्वारा खेती किए जाने के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
दर्जन भर आरोपी गिरफ्तार
रविवार शाम आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी संकेत कुमार ने बताया कि इस मामले में अब तक करीब एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से 3 देसी कट्टा, 6 खोखा, 10 जिंदा कारतूस और कुछ मिस फायर कारतूस बरामद किए हैं।

