निगरानी के हत्थे चढ़ा घूसखोर अधिकारी: धान अधिप्राप्ति रिपोर्ट के बदले मांग रहा था रिश्वत, 10 हजार रुपए लेते रंगेहाथ धराया

Saturday, Apr 25, 2026-01:02 PM (IST)

Rohtas News : बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शुक्रवार को रोहतास जिले में राजपुर प्रखंड के प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी जर्नादन कुमार को दस हजार रूपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि रोहतास जिले के राजपुर थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी प्रशांत कुमार ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी जर्नादन कुमार के द्वारा धान अधिप्राप्ति में पैक्स का भौतिक सत्यापनोपरान्त प्रतिवेदन भेजने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। 

प्रथम द्दष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता अखिलेश कुमार के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया। सूत्रों ने बताया कि धावादल ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त जनार्दन कुमार को 10 हजार रूपए रिश्वत लेते हुए न्यू रॉयल हास्पिटल के निकट सड़क के किनारे से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त से पूछताछ के बाद पटना निगरारी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static