RJD विधायक ने पार्टी सांसद के खिलाफ खोला मोर्चा... गरमाई बिहार की सियासत, JDU-BJP की भी एंट्री

Wednesday, Sep 27, 2023-03:07 PM (IST)

 

पटना(अभिषेक कुमार सिंह): बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। इस बार राजद विधायक चेतन आनंद ने अपनी पार्टी के सांसद मनोज झा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दरअसल, चेतन आनंद मनोज झा के उस भाषण को मुद्दा बना रहे हैं, जो उन्होंने महिला आरक्षण बिल पर राज्यसभा में चर्चा के दौरान दिया था। भाषण के दौरान मनोज झा ओमप्रकाश वाल्मीकि की लिखी कविता ठाकुर का कुआं पढ़ रहे हैं और अप्रत्यक्ष रूप से ठाकुरों पर निशाना साध रहे हैं।

चेतन ने फेसबुक पर लाइव आकर मनोज झा को खूब सुनाया मनोज झा के इस बयान के बाद उनके पार्टी के ठाकुर विधायक चेतन आनंद ने मोर्चा खोल दिया है। चेतन आनंद पूर्व सांसद आनंद मोहन के बेटे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर मनोज झा को निशाने पर लिया। उन्होंने लिखा “हम ठाकुर साहब हैं। हम सबको साथ लेकर चलते हैं। इतिहास में सबसे अधिक बलिदान हमारा है। समाजवाद में किसी एक जाति को टार्गेट करना समाजवाद के नाम पर दोगलापन के अलावा कुछ नहीं। जब हम दूसरों के बारे में गलत नहीं सुन सकते तो अपने (ठाकुरों) पर अभद्र टिप्पणी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके बाद चेतन आनंद ने फेसबुक पर लाइव आकर भी मनोज झा को खूब सुनाया।

JDU ने भी मनोज झा का किया विरोध
सदन में मनोज झा के द्वारा ठाकुरों पर टिप्पणी के बाद महागठंबधन की सहयोगी पार्टी जदयू ने भी मनोज झा का विरोध शुरू कर दिया है। जदयू प्रवक्ता डॉ. सुनील सिंह ने कहा है कि हम लोग समाजवादी लोग हैं। हम सभी धर्म और जाति का सम्मान करते हैं। मनोज झा का किसी खास जाती पर यह टिप्पणी कतई सही नहीं है। हम इसका विरोध करते हैं।

मनोज झा की टिप्पणी पर BJP का हमला
मनोज झा की टिप्पणी पर भाजपा ने भी हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता अरविंद सिंह ने कहा कि जिस तरीके से राजद के राज्यसभा सांसद ठाकुरों के विरुद्ध बोलकर राजपूतों को अपमानित कर रहे हैं, उससे साफ पता चलता है कि राजपूतों पर ज़्यादती और राजपूतों का दमन करने वाली पार्टी है राजद।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static