गर्भवती महिला कांस्टेबल की ससुराल में हत्या! एक साल पहले की थी लव मैरिज, आरोपी पति गिरफ्तार
Friday, Apr 24, 2026-02:17 PM (IST)
Bihar News: बिहार के बेतिया से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पटना में तैनात 27 वर्षीय महिला कांस्टेबल संकेशी कुमारी की उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य सदस्य फरार हैं।
बहन की शादी के अगले ही दिन वारदात
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के सहोदरा थाना क्षेत्र के सुपौली गांव की है। बताया जा रहा है कि संकेशी कुमारी अपनी छोटी बहन मंगिता की शादी में शामिल होने के लिए पटना से छुट्टी लेकर घर आई थी। शादी संपन्न होने के बाद बुधवार सुबह करीब 7 बजे संकेशी का पति सुजीत कुमार उसके मायके पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उसे जबरन अपने साथ ससुराल ले गया। उसी रात मायके वालों को सूचना मिली कि संकेशी ने आत्महत्या कर ली है।
7 मार्च 2025 में की थी लव मैरिज
आनन-फानन में जैसे ही परिजन मौके पर पहुंचे तो वहां का नजारा देख दंग रह गए। घर के अंदर संकेशी का शव पड़ा हुआ था और उसके गले पर गहरे निशान थे। पति को छोड़कर परिवार के बाकी सभी सदस्य वहां से फरार हो चुके थे। परिजनों के अनुसार, संकेशी और सुजीत ने 7 मार्च 2025 में लव मैरिज की थी। मौत के समय संकेशी चार महीने की गर्भवती थी।
पुलिस की कार्रवाई
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने मामले की जांच में जुट गई है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

