30 सालों से फरार कुख्यात अपराधी अशेसर सहनी गिरफ्तार, हत्या और अपहरण जैसे दर्जनों मामलों में था वांछित

Saturday, Sep 05, 2026-01:47 PM (IST)

बेतिया: बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र की पुलिस ने 30 वर्षों से फरार अंतरजिला कुख्यात अपराधी अशेसर सहनी को गिरफ्तार किया है। पश्चिम चंपारण के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कुमार गौतम के निर्देश पर वांछित एवं कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को पुरुषोत्तमपुर गांव से अशेसर सहनी को गिरफ्तार किया। 

गिरफ्तार अपराधी की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के ढाब टोला निवासी धरम सहनी के पुत्र अशेसर सहनी (45) के रूप में की गई है। एसएसपी ने बताया कि अशेसर सहनी बेतिया और मोतिहारी जिले के विभिन्न थानों में दर्ज दर्जनों आपराधिक मामलों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ मझौलिया, बेतिया मुफस्सिल, पहाड़पुर, हरसिद्धि, मोतिहारी टाउन और जगदीशपुर थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, चोरी, मारपीट, लूट तथा आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। 

गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ दर्ज मामलों में मझौलिया थाना में कांड संख्या 101/97 में हत्या, 33/99 में हत्या के प्रयास तथा 315/21 में हत्या और एससी/एसटी एक्ट, पहाड़पुर थाना में हत्या और अपहरण, हरसिद्धि थाना कांड संख्या 126/98 में अपहरण और आर्म्स एक्ट तथा जगदीशपुर थाना कांड संख्या 169/05 हत्या से संबंधित शामिल है। इस गिरफ्तारी के लिए गठित छापेमारी दल में मझौलिया थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक अमर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अनुज कुमार ओझा एवं भानु प्रकाश, सहायक अवर निरीक्षक निलेश कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static