'बिहार के DNA' वाले बयान पर सियासत, मुजफ्फरपुर में BJP कार्यकर्ताओं ने CM रेवंत रेड्डी का पुतला दहन कर जताया विरोध
Saturday, Dec 09, 2023-12:00 PM (IST)

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर तेलंगाना के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और रेवंत रेड्डी का पुतला जलाया।
BJP कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर जताया विरोध
दरअसल, तेलंगाना के नवनिर्वाचित सीएम रेवंत रेड्डी ने बिहार के डीएनए को लेकर विवादित बयान दिया था। रेवंत रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना का डीएनए बिहार से अच्छा है। इसको लेकर शुक्रवार को स्थानीय मीठनपुरा स्थित पानी टंकी चौक पर भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष विकास गुप्ता आदित्य के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का पुतला फूंका गया और रेवंत रेड्डी सहित कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने रेड्डी के बयान की निंदा करते हुए कांग्रेस पर विभाजन को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस क्षणिक लाभ के लिए भारतीय सभ्यता, सांस्कृतिक, अध्यात्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक एकता को तोड़ने पर आमादा है।
"बिहार के डीएनए को लेकर दिया गया बयान बेहद शर्मनाक"
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का बिहार के डीएनए को लेकर दिया गया बयान बेहद शर्मनाक है, जिसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है और समय-समय पर बिहारियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर में बिहार का परचम लहराया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता तब तक शांत नहीं बैठेंगे जब तक रेड्डी सार्वजनिक तौर पर अपने आपत्तिजनक बयान के लिए माफी न मांग लें।