IPS की वर्दी उतारी, अब सत्ता की सियासत में कमर कस ली — VIP पार्टी में शामिल हुए नुरुल होदा

Wednesday, Apr 16, 2025-08:26 AM (IST)

पटना:बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र जहां नए राजनीतिक दलों का गठन हो रहा है, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का रुझान भी राजनीति की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में चर्चित आईपीएस अधिकारी रहे मो. नुरुल होदा आज (बुधवार) 'विकासशील इंसान पार्टी' (VIP) का हिस्सा बनने जा रहे हैं। उन्होंने अपने सरकारी पद से इस्तीफा देकर यह निर्णय लिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नुरुल होदा वक्फ कानून के कुछ प्रावधानों के खिलाफ हैं और इस कारण राजनीति में सक्रिय रूप से आने का मन बनाया है।

नुरुल होदा: एक परिचय

सीतामढ़ी जिले के मूल निवासी नुरुल होदा 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) में आईजी पद तक सेवाएं दी हैं। यूपीएससी से पहले उन्हें अवर सेवा चयन आयोग और 39वीं बीपीएससी में भी सफलता मिली थी, लेकिन उन्होंने इन सेवाओं में योगदान नहीं दिया।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें तो उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा सीतामढ़ी से प्राप्त की और आगे की पढ़ाई बिहार विश्वविद्यालय से रसायन शास्त्र में की। बाद में दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून (LLB) की डिग्री भी ली। नुरुल होदा बहुभाषाविद हैं—उन्हें अंग्रेज़ी के अलावा उर्दू, फारसी और अरबी भाषाओं का भी ज्ञान है।

सुरक्षा क्षेत्र में रहा मजबूत योगदान

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों धनबाद और आसनसोल में बतौर रेलवे सुरक्षा आयुक्त उन्होंने कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए कई नई रणनीतियाँ अपनाईं। साथ ही दिल्ली मंडल में वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त, रेलवे बोर्ड में डीआईजी और बाद में आईजी (रेलवे) के तौर पर उन्होंने यात्री सुरक्षा को लेकर कई नवाचार किए।उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें दो बार राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक और दो बार महानिदेशक चक्र जैसे प्रतिष्ठित सम्मान मिले हैं।

सामाजिक और व्यक्तिगत योगदान

नुरुल होदा केवल प्रशासनिक सेवाओं तक सीमित नहीं रहे। वे एक उत्साही मैराथन धावक भी हैं और रोज़ाना 10 किलोमीटर दौड़ लगाते हैं। इसके अलावा, सामाजिक जिम्मेदारी के तहत अपने गांव में 300 से ज्यादा बच्चों को निशुल्क आधुनिक शिक्षा भी दिलवा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static