CM नीतीश ने अखिलेश से जाना मुलायम सिंह यादव का हाल, की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
Monday, Oct 03, 2022-12:56 PM (IST)

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। नीतीश कुमार ने रविवार को मुलायम सिंह यादव की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलने पर उनके पुत्र एवं उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से दूरभाष पर बात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
गौरतलब है कि दिल्ली के निकट गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल मेदांता में भर्ती मुलायम सिंह यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई और रविवार को उन्हें आईसीयू में भेजा दिया गया। इस बीच समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर कहा,‘‘आदरणीय नेताजी गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर है। वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।''
पार्टी ने समर्थकों से की ये अपील
एक अन्य ट्वीट में पार्टी ने कहा, ‘‘आदरणीय नेता जी आईसीयू में भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर है। आप सभी से विनम्र निवेदन है कि कृपया अस्पताल ना आएं। नेताजी के स्वास्थ्य की जानकारी आप लोगों को समय समय पर दी जाती रहेगी।'' बताया जा रहा है मूत्र संक्रमण के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती करा गया था। अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के दौरान उनके ऑक्सीजन स्तर कम होने पर आईसीयू में भेजा गया। मुलायम सिंह यादव की हालत को देखते हुए उनके परिजन और शुभचिंतक अस्पताल में पहुंच रहे हैं। रविवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश यादव तथा उनकी पत्नी डिंपल यादव अस्पताल पहुंच गईं।
PM मोदी ने भी जाना हाल
अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव का इलाज कर रहे डॉक्टरों से लंबी बातचीत की है। बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को फोन कर मुलायम सिंह यादव के स्वस्थ्य का हालचाल जाना। प्रधानमंत्री ने उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुलायम सिंह के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की है।