Nitish Kumar Samriddhi Yatra: समृद्धि यात्रा के तहत आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री
Saturday, Jan 17, 2026-07:15 PM (IST)
पटना/मोतिहारी: समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्वी चम्पारण जिले के मोतिहारी स्थित गांधी मैदान में आयोजित भव्य जन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में जुटे लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि हर नागरिक का सम्मान हो और उसका जीवन आसान बने (Ease of Living)।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में सत्ता संभालने के बाद राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ और भय व अराजकता का माहौल खत्म हुआ। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि जैसे बुनियादी क्षेत्रों में व्यापक सुधार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले जहां लोग शाम के बाद घर से निकलने से डरते थे, वहीं आज राज्य में शांति, भाईचारा और विकास का माहौल है।
शिक्षा और स्वास्थ्य में ऐतिहासिक सुधार
मुख्यमंत्री ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर स्कूल खोले गए, शिक्षकों की बहाली की गई और साइकिल-पोशाक जैसी योजनाओं से बच्चों को स्कूल से जोड़ा गया। अब राज्य में 5.24 लाख से अधिक सरकारी शिक्षक कार्यरत हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पहले जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में गिने-चुने मरीज आते थे, अब हर महीने हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी हुई है और बड़े अस्पतालों का विस्तार किया जा रहा है।
सड़क, बिजली और कृषि में बदली तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सड़कों और पुलों का जाल बिछाया गया है, जिससे दूरदराज के इलाकों से राजधानी तक पहुंचने का समय काफी घटा है। कृषि रोड मैप के जरिए अनाज, फल-सब्जी, दूध और मछली उत्पादन में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। मछली उत्पादन में राज्य आत्मनिर्भर बन चुका है।
महिला सशक्तीकरण और रोजगार पर फोकस
महिलाओं के लिए पंचायतों, नगर निकायों और सरकारी नौकरियों में आरक्षण, जीविका स्वयं सहायता समूहों का विस्तार और पुलिस में महिलाओं की भागीदारी को मुख्यमंत्री ने बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अब तक 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया जा चुका है और अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को अवसर देने का लक्ष्य है।
सात निश्चय-3 से विकास को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि सात निश्चय-3 (2025-2030) के तहत रोजगार, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन और Ease of Living पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
हर जिले में औद्योगिक क्षेत्र, आदर्श विद्यालय, डिग्री कॉलेज, बेहतर अस्पताल और आधुनिक सड़कें बनाई जाएंगी। सोलर एनर्जी, एक्सप्रेस-वे और स्मार्ट सिटी जैसी योजनाओं पर भी तेजी से काम होगा।
पूर्वी चम्पारण के लिए खास योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज, आईटीआई, पुल-पथ निर्माण, धार्मिक स्थलों का विकास और बंद चीनी मिलों को पुनः चालू करने जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
आने वाले वर्षों में जिले में उद्योग, डेयरी, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में और बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।

