समृद्धि यात्रा 2026: 1 करोड़ नौकरी, दोगुनी आय और उद्योगों की बाढ़! बेतिया से सीएम नीतीश का मेगा प्लान
Friday, Jan 16, 2026-08:18 PM (IST)
Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया स्थित रमना मैदान में समृद्धि यात्रा 2026 के तहत आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने राज्य के विकास, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महिला सशक्तीकरण से जुड़े कई बड़े आंकड़े और भविष्य की योजनाएं जनता के सामने रखीं।

2005 से पहले और अब के बिहार की तुलना
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में एनडीए सरकार बनने के बाद बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ। इससे पहले राज्य में डर और अराजकता का माहौल था। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली की स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन बीते दो दशकों में हर क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार हुए हैं। आज बिहार में शांति, भाईचारा और विकास का वातावरण है।

शिक्षा और स्वास्थ्य में बड़ा बदलाव
मुख्यमंत्री ने बताया कि शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ी संख्या में नए स्कूल खोले गए, शिक्षकों की बहाली की गई और साइकिल-ड्रेस योजना शुरू की गई। अब राज्य में सरकारी शिक्षकों की संख्या 5.24 लाख तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जहां पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में गिने-चुने मरीज आते थे, वहीं अब हर महीने हजारों लोग इलाज करा रहे हैं। मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ी है और बड़े अस्पतालों का विस्तार किया जा रहा है।

सड़क, पुल और कनेक्टिविटी में क्रांति
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क और पुल-पुलियों के निर्माण से राज्य के दूरदराज इलाकों से भी अब 5 घंटे में पटना पहुंचना संभव हो गया है। एक्सप्रेस-वे, बाईपास और एलिवेटेड रोड से आवागमन आसान हुआ है।
कृषि रोडमैप से बढ़ी किसानों की आय

चार कृषि रोडमैप के जरिए कृषि उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। मछली उत्पादन में बिहार आत्मनिर्भर बन चुका है, वहीं दूध, सब्जी, फल और अनाज उत्पादन भी बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि विकास ही राज्य की समृद्धि का आधार है।
सात निश्चय से सात निश्चय-3 तक
मुख्यमंत्री ने सात निश्चय, सात निश्चय-2 और अब सात निश्चय-3 की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अगले 5 वर्षों में
- 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार,
- महिलाओं को आर्थिक सहायता,
- औद्योगिक विस्तार,
- बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं
सुनिश्चित की जाएंगी।
महिलाओं और गरीबों पर खास फोकस

उन्होंने बताया कि पेंशन राशि बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है, जिससे 1.14 करोड़ लोगों को लाभ मिल रहा है। जाति आधारित गणना के बाद चिन्हित 94 लाख गरीब परिवारों को रोजगार योजनाओं से जोड़कर आर्थिक मदद दी जा रही है।
पश्चिम चंपारण के लिए खास घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम चंपारण में कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार, बंद पड़ी चनपटिया चीनी मिल को दोबारा शुरू करना, सभी प्रखंडों में कॉलेज और आदर्श विद्यालय, बेतिया सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल बनाना, इको टूरिज्म और खेल सुविधाओं का विकास
किया जाएगा।

“अगले 5 साल में बिहार देश के टॉप राज्यों में होगा शामिल”
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।

