मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कबीर जयंती पर दी शुभकामनाएं, कहा – संत कबीर का जीवन दर्शन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत

Tuesday, Jun 10, 2025-08:46 PM (IST)

पटना:कबीर जयंती 2025 के पावन अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यवासियों और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने संत कबीर की शिक्षाओं और उनके जीवन दर्शन को भारतीय समाज के लिए आज भी उतना ही प्रासंगिक और प्रेरणादायक बताया जितना कि वह उनके समय में था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत कबीर हिन्दी साहित्य के भक्ति काल में ज्ञानाश्रयी-निर्गुण शाखा के प्रमुख कवि थे, जिनकी रचनाओं ने न सिर्फ हिन्दी भाषा को समृद्ध किया, बल्कि भक्ति आंदोलन को गहराई से प्रभावित भी किया। उनके दोहे और विचार आज भी समाज में सद्भाव, मानवता, समानता और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “जब भारत में धर्म, भाषा और संस्कृति की बात होती है तो संत कबीर का नाम सबसे पहले लिया जाता है। उनके दोहे भारतीय जीवन दर्शन को सरल शब्दों में समझाने का कार्य करते हैं। ऐसे संत का जीवन और काव्य रचना हम सभी के लिए अनुकरणीय है।”

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे संत कबीर की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारें और समाज में समरसता, प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा दें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static