"नीतीश कुमार का अब कोई फ्यूचर नहीं"....RCP सिंह बोले- वह सिर्फ जनता को भरमाने में लगे हैं
Monday, Aug 07, 2023-12:35 PM (IST)

पटना: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामचंद्र प्रसाद (आरसीपी) सिंह ने रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उनका कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है और वह जनता को भ्रमित करने के लिए कभी विपक्षी गठबंधन का संयोजक तो कभी प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा करवाते रहते हैं।
"अब नीतीश कुमार का कोई फ्यूचर नहीं"
आरसीपी सिंह ने ट्वीट कर कहा कि बिहार की जनता ने इस बार तय कर लिया है कि वे नीतीश कुमार को वोट नहीं करेंगे इसलिए उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के लोग येन केन प्रकारेण उनके महत्व को बढ़ाना चाहते हैं। इसलिए, जदयू के लोग कभी उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार तो कभी विपक्षी गठबंधन का संयोजक बनाए जाने की चर्चा करवाते रहते हैं, लेकिन अब नीतीश कुमार का कोई फ्यूचर नहीं है। उन्होंने खुद लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेजस्वी यादव को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर बता दिया है कि अब राजनीति में उनका कोई फ्यूचर नहीं रहा गया है।
"आज भी बिहार मजदूरों की मंडी"
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनकर नीतीश कुमार को देश की जनता को बताने के लिए क्या है। पिछले 18 साल से वह बिहार के मुख्यमंत्री हैं लेकिन राज्य की स्थिति ज्यों की त्यों है। उन्होंने वादा किया था कि बिहार से मजदूरों का पलायन नहीं होगा और जो लोग बाहर गए हैं वह लौटकर बिहार आएंगे लेकिन आज भी बिहार मजदूरों की मंडी है। सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को विकसित प्रदेश बनाने का भी वादा किया था लेकिन आज बिहार की स्थिति क्या है। प्रति व्यक्ति आय का राष्ट्रीय औसत जहां एक लाख 80 हजार है वहीं बिहार का 54 हजार ही है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को विकास से कोई लेना देना नहीं है। अब उनका एक ही एजेंडा है कैसे राज्य को विभिन्न जातियों में बांट कर रखा जाए।