CM नीतीश कुमार कल बांटेंगे नियुक्ति पत्र, करीब 10 हजार कर्मचारियों के खिलेंगे चेहरे
7/2/2024 10:31:09 PM
![](https://static.punjabkesari.in/multimedia/2024_4image_10_07_256572592nitish.jpg)
पटनाः लोकसभा चुनाव से पहले बड़े पैमाने पर बिहार सरकार ने युवाओं को नौकरियां दी थी। अब चुनाव खत्म होने के बाद भी सरकार ने इस मामले में कदम आगे बढ़ा दिया है। बिहार सरकार कल यानि बुधवार को करीब 10000 कर्मचारियों की बहाली करने जा रही है। इसमें सबसे अधिक 8035 अमीन के पद हैं। सर्वेक्षण लिपिक के 742 पद और सर्वेक्षण कानूनगो के 458 पद हैं। इसके अलावा बंदोबस्त पदाधिकारी के 353 पद हैं। राज्य के सभी 38 जिलों में जाकर ये कर्मचारी काम की शुरुआत करेंगे।
पटना के संवाद भवन में आयोजित किया गया कार्यक्रम
नीतीश कुमार की अगुवाई में बिहार की सरकार अपने वादे और सात निश्चय-2 के संकल्पों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयत्नशील है। बिहार सरकार में बुधवार को साढ़े नौ हजार नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा। बुधवार को पटना के संवाद भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में नव नियुक्त 9 हजार 8 सौ 88 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग मंत्री कार्यक्रम में रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में विशेष सर्वेक्षण सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, विशेष सर्वेक्षण कानूनगो, विशेष सर्वेक्षण लिपिक और विशेष सर्वेक्षण अमीन के पद पर नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। पटना में नियुक्ति पत्र वितरण के साथ ही अन्य जिलों में जिले के प्रभारी मंत्री भी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। पटना के संवाद भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहेंगे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल करेंगे।