"बिहार में 225 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगा NDA", प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का दावा
Sunday, Mar 02, 2025-02:30 PM (IST)

मधेपुरा: बिहार भारतीय जनता पार्टी (BJP) अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल (Dilip Jaiswal) ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार बिहार को समृद्धि के नए मार्ग पर ले जाने का प्रयास कर रही है। राजग (NDA) घटक दलों के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने शनिवार को मधेपुरा के बी एन मंडल स्टेडियम में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेते हुए प्रदेश में 225 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा किया। सम्मेलन में राजग के घटक दलों ने अपने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश भी दिया।
"जनता जिसे पसंद करती है, उसी को मुख्यमंत्री भी चुनती है"
सम्मेलन में आए राजग कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. जायसवाल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि राजग कार्यकर्ताओं की निष्ठा ही हमारे लिए प्रकाश स्तंभ है। आप सभी कार्यकर्ताओं के प्रकाशपुंज की रोशनी से राजग की चमक बरकरार है। उन्होंने कहा कि आज आप सभी के निष्ठा से राजग को सफलता मिल रही है। उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि हमारी राजनीति जहां जनसेवा की रही है, वहीं विपक्ष की राजनीति निज स्वार्थपूर्ति के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने बिना किसी के नाम लिए हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को लेकर कहा कि एक पार्टी के अध्यक्ष तो अपने पुत्र को मुख्यमंत्री बनाने के लिए व्यग्र हैं। उन्हें मालूम नहीं कि जनता जिसे पसंद करती है, उसी को मुख्यमंत्री भी चुनती है।
डॉ. जायसवाल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे प्रत्येक परिवार से संवाद स्थापित करें। इस संवाद से उनकी समस्याओं को जानने का अवसर मिलेगा और उसका समाधान भी होगा। इससे जनता का स्नेह भी मिलता रहेगा। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि बिहार में जिस तरह से डबल इंजन की सरकार काम कर रही है, उससे वह दिन दूर नहीं जब बिहार उन्नति के शिखर पर होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं, वहीं उनकी प्राथमिकता में बिहार पहले नंबर पर है।