Bihar Band: 4 सितंबर को NDA का बिहार बंद, PM मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा के विरोध में करेंगे चक्का जाम

Wednesday, Sep 03, 2025-12:59 PM (IST)

Bihar Politics: वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा की एक जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के खिलाफ की गयी अभद्र टिप्पणी के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सभी घटक दलों ने चार सितंबर को बिहार बंद का आह्वान किया है। राज्य स्तर पर बिहार बंद सुबह सात से अपराह्न 12 बजे तक रहेगा। बंद के दौरान आपात सेवा जैसे रेल, एम्बुलेंस आदि आवश्यक सेवाओं को बाधित नहीं किया जायेगा। राजग के सभी घटक दलों की महिला मोर्चा इस बंद का नेतृत्व करेंगी।

चार सितंबर को बिहार बंद का ऐलान
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित राजग घटक दलों के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि जिस तरह से बिहार के दरभंगा में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री और उनकी मां के लिये वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंच से अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया, वह निंदनीय ही नहीं, बल्कि बिहार को कलंकित करने वाला है। प्रदेश अध्यक्ष जायसवाल ने कहा कि पूरे बिहार और राज्य की धरती को शर्मसार करने का काम ‘इंडिया' गठबंधन ने किया है। इसलिये राजग घटक दल की महिला मोर्चा ने चार सितंबर को बिहार बंद का ऐलान किया है। राजग आम लोगों से बंद के समर्थन का आह्वान करते हैं।

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करना न केवल मर्यादा का उल्लंघन है, बल्कि यह लोकतांत्रिक परम्परा के खिलाफ है। इन लोगों ने महिलाओं को अपमानित करने का काम किया है और महागठबंधन के किसी भी नेता ने अब तक इसपर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने बताया कि पिछले विधानसभा चुनाव में इसी महागठबंधन के एक घटक ने मंच से हमारे नेता के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया था। इनकी संस्कृति ही मां- बहन को अपमान करने वाली है। संवाददाता सम्मेलन में हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी समेत राजग घटक दलों के महिला मोर्चा की नेत्रियां भी मौजूद थीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static