"NDA विचारधारा, नीति और जनसेवा पर आधारित", उपेंद्र कुशवाहा ने कहा- बिहार विकास के पथ पर मजबूती से आगे बढ़ रहा
Saturday, Feb 01, 2025-12:59 PM (IST)

औरंगाबाद: राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विचारधारा, नीति और जनसेवा पर आधारित है और इसका हर कार्यकर्ता हमारे लिए परिवार का हिस्सा है।
'राजग एक ऐसा मंच है, जहां हर आवाज को सुना जाता है'
औरंगाबाद के गेट स्कूल के मैदान में शुक्रवार को आयोजित राजग कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कुशवाहा ने कहा कि राजग एक ऐसा मंच है, जहां हर आवाज को सुना जाता है, हर सपने को संजोया जाता है, और हर मेहनत को सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि आज राजग के नेतृत्व में बिहार हर क्षेत्र में, चाहे वह शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, कृषि हो, या उद्योग- नए मापदंड स्थापित कर रहा है। बिहार के लोगों के लिए ‘सुशासन' केवल एक सपना था, लेकिन एनडीए ने इसे हकीकत में बदलकर दिखाया। आज बिहार विकास के पथ पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर राजग के सबसे बड़े घटक दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभू ने कहा कि निष्ठावान कार्यकर्ता ही हमारे संगठन की पहचान है। हमारे कार्यकर्ता विचार पर केंद्रित हैं, व्यक्ति पर नहीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज कुछ संगठनों और पार्टियों द्वारा एक नई रणनीति और सत्ता पाने के लिए समाज में भी फूट डालने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि हम सभी एक रहेंगे तो मजबूत रहेंगे, एक नहीं रहेंगे तो मजबूर रहेंगे।
'बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को नया आयाम दिया'
जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उमड़ा यह जनसैलाब इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के रण में न केवल पूरी तैयारी से उतरने का उद्घोष है, बल्कि उसके परिणाम की झलक भी है। उन्होंने कहा कि जंगलराज में सबसे अधिक पीड़ित औरंगाबाद की जनता रही थी। उन्होंने कहा कि यहां की जनता उस दौर को कभी भी भूल नहीं सकती। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को नया आयाम दिया।