Mahila Rojgar Yojana Bihar: महिलाओं को मिलेगा 10 हजार के बाद 2 लाख का लाभ, 31 दिसंबर तक करें आवेदन

Sunday, Dec 21, 2025-09:20 AM (IST)

Mahila Rojgar Yojana Bihar: बिहार में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत पात्र महिलाओं को शुरुआती सहायता के रूप में 10,000 रुपये की राशि दी जा रही है। इस योजना के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। इस तारीख तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं आवेदन करके योजना का लाभ उठा सकती हैं। समय सीमा के बाद आए आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

महिलाओं को मिलेगी 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता

योजना की खास बात यह है कि शुरुआती 10,000 रुपये के बाद सफलतापूर्वक रोजगार शुरू करने वाली महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय मदद प्रदान की जाएगी। जीविका विभाग के अनुसार, यह राशि एकमुश्त नहीं बल्कि किस्तों में दी जाएगी। रोजगार की शुरुआत और उसकी प्रगति की जांच के बाद ही आगे की किस्तें जारी होंगी। इससे महिलाएं अपना छोटा-मोटा व्यवसाय या स्वरोजगार मजबूत कर सकेंगी।

ट्रेनिंग मॉडल की तैयारी जारी

महिलाओं को स्वरोजगार में कुशल बनाने के लिए विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम का मॉडल तैयार किया जा रहा है। इससे लाभार्थियों को व्यवसाय चलाने की बेहतर जानकारी और स्किल्स मिलेंगी। अब तक राज्य में लगभग 1.56 करोड़ महिलाओं को 10,000 रुपये की पहली किस्त का लाभ मिल चुका है। शहरी क्षेत्र की महिलाएं जो स्वयं सहायता समूह से नहीं जुड़ी हैं, वे जीविका की आधिकारिक वेबसाइट www.brlps.in या mmry.brlps.in पर जाकर आसानी से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।

जिले के अनुसार लाभार्थी महिलाओं की संख्या

  • पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और मधुबनी: 7 लाख से अधिक
  • पश्चिम चंपारण, समस्तीपुर और पटना: 6 लाख से अधिक
  • गया, कटिहार, सारण और अररिया: 5 लाख प्रत्येक
  • बांका, बेगूसराय, भागलपुर, नालंदा, पूर्णिया, रोहतास, सीतामढ़ी, सीवान, सुपौल और वैशाली: 4 लाख प्रत्येक
  • भोजपुर, गोपालगंज, किशनगंज, मधेपुरा, नवादा और सहरसा: 3 लाख से अधिक

कुछ महिलाओं को अभी नहीं मिली राशि

लगभग 10 लाख महिलाओं के आवेदनों में आधार कार्ड, बैंक खाता संख्या या अन्य दस्तावेजों में त्रुटि के कारण राशि ट्रांसफर नहीं हो पाई है। जीविका विभाग इन आवेदनों की दोबारा जांच कर रहा है। सुधार के बाद इन महिलाओं के खातों में भी जल्द राशि भेजी जाएगी।

योजना में गलती से पुरुषों को मिली राशि

यह योजना केवल महिलाओं के लिए है, लेकिन तकनीकी या डेटा त्रुटि के कारण राज्य भर में करीब 400 पुरुषों के खातों में भी 10,000 रुपये ट्रांसफर हो गए। जीविका विभाग ने इसकी रिपोर्ट मंगवाई है। रिकवरी की गाइडलाइन जारी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कुछ लाभार्थी स्वेच्छा से राशि वापस भी कर रहे हैं।

यह योजना बिहार की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पात्र महिलाएं जल्द से जल्द आवेदन करें और लाभ उठाएं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static