मुकेश सहनी ने रणवीर के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर बंधाया ढांढस, कहा- कानून व्यवस्था कमजोर हुआ, बढ़ रहा अपराध

Friday, Jun 02, 2023-08:08 PM (IST)

पटना/खगड़िया: विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी (Mukesh Sahni) आज खगड़िया (Khagaria) के भदास गांव पहुंचे और अपराधियों द्वारा मारे गए पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रणवीर सहनी के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और ढांढस बंधाया। उन्होंने खगड़िया के पुलिस अधीक्षक से बात कर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की भी बात कही।
PunjabKesari
'खगड़िया में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है'
पत्रकारों से चर्चा करते हुए सहनी ने कहा कि दुख के इस घड़ी में वीआईपी परिवार पीड़ित परिजनों के साथ हैं। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि कानून व्यवस्था कमजोर हुआ है तभी तो अपराधिक घटनाएं बढ़ी है। उन्होंने कहा कि खगड़िया छोटा जिला है, जब यह जिला भी नहीं संभल रहा है तो स्थिति समझी जा सकती है। सहनी ने साफ लहजे में कहा कि खगड़िया में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है, एक ही दिन में दो लोगों की हत्या हो जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस अधिकारी भी सही तरीके से काम नहीं कर रहे हैं।
PunjabKesari
सहनी ने सरकार और अधिकारी को गंभीर होने की नसीहत दी
उन्होंने ऐसे मामलों में सरकार और अधिकारी को गंभीर होने की नसीहत देते हुए कहा कि अपराधियों को सजा दिलाई जाए। उन्होंने मृतक रणवीर सहनी को पार्टी और परिवार का सदस्य बताते हुए कहा कि प्रशासन इस मामले में अपराधियों को जल्द सजा दिलाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अपराधी की गिरफ्तारी नहीं की गई तो पार्टी धरना, प्रदर्शन कर प्रशासन पर दबाव बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में राज्य के पुलिस महानिदेशक से भी पार्टी के लोग मिलेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Related News

static