पीछे के दरवाजे से दुकान में घुसा बदमाश, ज्वेलरी शॉप मालिक को पेट में मारी गोली, इलाके में मचा हड़कंप
Sunday, Aug 16, 2026-10:05 AM (IST)
Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में दुकान में पीछे के दरवाजे से कथित तौर पर घुसने की कोशिश कर रहे हथियारबंद बदमाश ने पत्नी के साथ विरोध कर रहे जौहरी को गोली मार दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना कंकड़बाग थाना क्षेत्र की है।
पटना सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-1 मनोज कुमार ने बताया कि दुकान का शटर रात करीब 9.30 बजे बंद कर दिया गया था, लेकिन पीछे का दरवाजा खुला रह गया था। उन्होंने कहा, "आरोपी पीछे के दरवाजे से दुकान में घुसा और दुकान तक जाने वाले गलियारे में जौहरी और उनकी पत्नी ने उसे रोका। दंपति द्वारा रोके जाने पर उसने गोली चला दी, जो दुकान मालिक के पेट में लगी।" पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल जौहरी की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।
एसडीपीओ ने आगे बताया कि हाथापाई के दौरान आरोपी की शर्ट फट गई और वह सड़क के दूसरी तरफ एक गली में इंतजार कर रहे अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर वहां से भाग गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है। एसडीपीओ ने कहा, "आरोपी भागते समय घटनास्थल पर अपनी पिस्तौल छोड़ गया। हमने हथियार जब्त कर लिया है और उसकी मैगजीन से तीन कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।"

