थाने के अंदर गोली लगने से 25 वर्षीय होमगार्ड जवान की मौत, साथी जवान लापता

Monday, Oct 12, 2026-04:01 PM (IST)

आरा: बिहार के भोजपुर जिले में एक थाने के परिसर में कथित तौर पर सहकर्मी की राइफल से चली गोली लगने के बाद 25 वर्षीय होमगार्ड (गृह रक्षा वाहिनी) जवान की मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना रविवार रात करीब 10 बजे संदेश थाना परिसर में हुई। 

मृतक की पहचान गुलजारपुर गांव निवासी मोनल कुमार राय के रूप में हुई है। वह सहार थाना क्षेत्र का रहने वाला था। भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) अवधेश दीक्षित ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, ''रविवार रात करीब 10 बजे गोली चलने की आवाज सुनकर अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहां एक जवान को गोली लगी हुई थी।'' उन्होंने बताया कि घायल जवान को संदेश रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। 

यह भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ से बिहार सरकार अलर्ट, जल संसाधन विभाग ने जारी की सतर्कता संबंधी गाइडलाइंस

हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। एसपी ने कहा कि गोली चलने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद से राय का एक साथी जवान लापता है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static