"NDA की शक्ति एकता में है", मंत्री नितिन नवीन ने कहा- 24 फरवरी को एकता का होगा प्रदर्शन

Thursday, Feb 13, 2025-08:50 AM (IST)

भागलपुर: बिहार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की शक्ति एकता में है और हमें 24 फरवरी को इस एकता की ताकत को प्रदर्शित करना होगा। बिहार के भागलपुर स्थित नाथनगर विधानसभा में 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर बुधवार को राजग दलों की महत्वपूर्ण बैठक की गयी। इस बैठक की अध्यक्षता  मंत्री नितिन नवीन ने की। 

"PM Modi का बिहार आना हमारे लिए सौभाग्य की बात"

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि राजग की शक्ति एकता में है और हमें 24 फरवरी को इस एकता की ताकत को प्रदर्शित करना होगा। उन्होंने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि पीएम मोदी भागलपुर आ रहे है। इस सौभाग्य को ऐतिहासिक बनाने के लिए राजग के सभी दलों को स्ट्रक्चर बना कर काम करना होगा। हर पंचायत में जाकर हर वर्ग के लोगों को भाव के साथ आमंत्रित करना होगा। समय तय कर पंचायत स्तर पर मूवमेंट किया जाए तो 24 फरवरी तक हमलोग जन-जन तक दो बार पहुंच पाएंगे। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान आपसी कॉडिर्नेशन बेहद जरूरी है।        

"NDA लगातार किसान भाईयों के लिए काम कर रही"

मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार किसान भाईयों के लिए भी लगातार काम कर रही है। राजग सरकार में हर वर्ग का सम्मान हो,ये हमारी प्राथमिकता है। इसी क्रम में केंद्र सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त इसी महीने किसानों के खाते में भेजी जाने वाली है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस उत्सव में उमंग की बेहद जरूरत है। उमंग के सहारे ही कार्यक्रम में जन सैलाब आयेगा। 

बैठक में शामिल हुए NDA के नेता

मंत्री नितिन नवीन ने  कहा कि इस कार्यक्रम की मदद से हमें लोगों तक सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को भी पहुंचाने का काम करना होगा, जिससे समाज के हर वर्ग के लोगों को इसका लाभ मिले और वो राजग दल के साथ जुड़कर विकास की एक नई गाथा लिखें। इस कार्यक्रम से नाथनगर विधानसभा में राजग को बल मिलेगा, जिससे आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का रास्ता भी आसान हो जायेगा। इस अवसर पर नाथनगर के पूर्व विधायक लक्ष्मीकांत मंडल , जनता दल यूनाईटेड (जदयू) जिला अध्यक्ष बिपीन बिहारी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला अध्यक्ष संतोष कुमार साह, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) जिला अध्यक्ष सुबोध पासवान, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) प्रदेश अध्यक्ष सुमित कुशवाहा एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static