सिलेंडर विस्फोट से मची तबाही: आग की चपेट में आए कई आशियाने, 4 लोग गंभीर रूप से झुलसे
Monday, Jun 29, 2026-01:35 PM (IST)
Bihar News: बिहार के शिवहर जिले के तरियानी छपरा थाना क्षेत्र में सोमवार को गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से लगी भीषण आग में छह घर जलकर राख हो गए, तथा चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि तरियानी छपरा थाना क्षेत्र के छपरा सिरहा टोला में एक घर में गैस सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि करीब छह घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। घटना की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हालांकि तब तक घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, नकदी समेत लाखों रुपए मूल्य की संपत्ति जलकर नष्ट हो चुकी थी। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। तरियानी छपरा थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रथम द्दष्टया गैस सिलेंडर फटने से आग लगने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
तरियानी अंचल अधिकारी कुमार रोहित ने बताया कि प्रशासन पूरे मामले की निगरानी कर रहा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

