"नीतीश कुमार के कई मंत्रियों ने विदेशों में संपत्तियां खरीदीं"- प्रशांत किशोर का बड़ा खुलासा
Thursday, Sep 11, 2025-11:27 AM (IST)

Prashant Kishor News: जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने बुधवार को भाजपा (BJP) और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) दोनों पर तीखे राजनीतिक हमले किए और साथ ही राज्य की जनता के लिए बड़े वादे भी किए। अपनी बिहार बदलाव यात्रा के तहत बेगूसराय में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए, किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार के आसपास के नेताओं ने कथित तौर पर विदेशों में संपत्तियां खरीदी हैं।
"बिहार के लोग गरीबी में जीने को मजबूर"
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए, जन सुराज प्रमुख ने कहा, "नीतीश कुमार एक भ्रष्ट सरकार के ईमानदार मुख्यमंत्री हैं। उनके आसपास के कुछ मंत्रियों और अधिकारियों ने लूट के पैसे से ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में संपत्तियां खरीदी हैं, जबकि बिहार के लोग गरीबी में जीने को मजबूर हैं। अगर नवंबर में जन सुराज सत्ता में आता है, तो ऐसे हर व्यक्ति को जेल भेज दिया जाएगा और उनकी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी।"
"50 लाख युवाओं को वापस लाया जाएगा"
किशोर ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को चुनौती देते हुए कहा, "अगर किसी नेता में हिम्मत है, तो वह आज जितने लोगों को मैंने इकट्ठा किया, उतने ही लोगों को इकट्ठा करके यहां एक सभा करे। तब पता चल जाएगा कि असली नेता कौन है और कौन सिर्फ फेसबुक नेता है।" किशोर ने कुछ प्रमुख वादे भी किए, जिनमें यह भी शामिल है कि इस साल बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली और छठ होगी, जिसके बाद युवाओं को देश भर के दूसरे राज्यों में नौकरी के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बिहार के 50 लाख युवाओं को वापस लाया जाएगा और उन्हें राज्य में ही 10,000 से 12,000 रुपये प्रति माह का रोज़गार दिया जाएगा।