‘जो जनता के साथ किया, वही घर में दिख रहा’ — रोहिणी विवाद पर BJP का प्रहार
Sunday, Nov 16, 2025-09:15 PM (IST)
RJD Chief Lalu Prasad Yadav Family Feud: रोहिणी आचार्य के परिवार से दूरी बनाने के फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों में गर्मी तेज। BJP ने कहा—"जो जनता के साथ किया, वही अब घर में दिख रहा है।"
लालू परिवार की कलह खुलकर सामने, राजनीति में मचा तूफान
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार में चल रही अंदरूनी कलह अब पूरी तरह सतह पर आ चुकी है। बेटी रोहिणी आचार्य द्वारा परिवार से नाता तोड़ने का ऐलान किए जाने के बाद इस विवाद ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। इस मुद्दे को लेकर BJP ने खुलकर हमला बोला है और लालू परिवार को ही इसके लिए जिम्मेदार बताया है।
BJP का तंज – ‘रोहिणी ने पिता के लिए सब कुछ किया, लेकिन बदले में मिला दर्द’
BJP की प्रदेश उपाध्यक्ष आश्रिति शर्मा अचल ने कहा कि रोहिणी ने हमेशा अपने पिता लालू प्रसाद यादव के लिए समर्पित होकर काम किया, यहां तक कि अपनी किडनी तक दान कर दी। उन्होंने कहा—“पूरा देश जानता है कि रोहिणी ने अपने पिता के लिए कितना बड़ा योगदान दिया। लेकिन आज जो हम देख रहे हैं, वह उनकी गहरी पीड़ा है। उन्हें लगता है कि घर में उनका साथ नहीं दिया गया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।”
‘जो जनता के साथ किया, वही अब परिवार में दिख रहा’, BJP का बड़ा हमला
आश्रिति शर्मा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा— “अगर रोहिणी कह रही हैं कि उनके साथ मारपीट हुई, उन्हें घर से निकाल दिया गया, तो यह बेहद गंभीर है। लालू यादव का परिवार उसी तरह बिखर रहा है जैसे उनकी पार्टी टूटती रही है। जो ज्यादती उन्होंने बिहार की जनता के साथ की थी, वही अब घर में फलकर सामने आ रही है।”
लालू यादव जिम्मेदार: ‘परिवार को जोड़ने में हमेशा कमी रही’
BJP ने यह भी दावा किया कि परिवार में बढ़ते तनाव के पीछे लालू प्रसाद यादव की भूमिका कमियां रही हैं। आश्रिति शर्मा ने कहा— “बहू के साथ दुर्व्यवहार, बेटे का घर छोड़कर जाना—ये सब संकेत हैं कि परिवार को जोड़ने में कहीं न कहीं कमी रही। आज जो बिखराव दिख रहा है, उसके जिम्मेदार खुद लालू यादव हैं।”

