Bihar Politics: RJD विधायक फतेह बहादूर सिंह के फिर बिगड़े बोल, अब मां सरस्वती पर दिया विवादित बयान
Saturday, Dec 30, 2023-06:26 PM (IST)

औरंगाबाद(अभिषेक कुमार सिंह): लालू यादव के विधायक फतेह बहादुर सिंह ने एक बार फिर विवादित टिप्पणी की है। इस बार उन्होंने मां सरस्वती पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि सरस्वती को ब्राह्मण ग्रंथों में ब्रह्मा की पुत्री बताया गया है और फिर ब्रह्मा ने उसी से शादी की। पूजा चरित्रवान की होनी चाहिए चरित्रहीनों की नहीं। विधायक ने इस दौरान बीजेपी पर भी निशाना साधा।
"विद्यालयों में सरस्वती की जगह सावित्रीबाई फुले की तस्वीर लगनी चाहिए"
दरअसल, राजद के डेहरी से विधायक फतेह बहादुर सिंह शुक्रवार को औरंगाबाद पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सरस्वती को ब्राह्मण ग्रंथों में ब्रह्मा की पुत्री बताया गया है और फिर ब्रह्मा ने उसी से शादी की। पूजा चरित्रवान की होनी चाहिए चरित्रहीनों की नहीं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में सरस्वती की जगह सावित्रीबाई फुले की तस्वीर लगनी चाहिए। प्रार्थना सावित्रीबाई की होनी चाहिए। भारत सरकार को भारत रत्न देना चाहिए। यह पूछे जाने पर कि जब 60 वर्ष कांग्रेस की सरकार रही तो उसने भारत रत्न की उपाधि क्यों नहीं दी? विधायक ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों पर सवर्णों और मनुवादियों की पकड़ रही है।
"पहले और आज की कांग्रेस में आया है बदलाव"
जब फतेह बहादुर सिंह से यह पूछा गया कि ऐसी स्थिति में फिर आज कांग्रेस के साथ कैसे हैं। आपने यह बात अपनी पार्टी के स्तर पर क्यों नहीं कही? उन्होंने कहा कि पहले और आज की कांग्रेस में बदलाव आया है। आज की कांग्रेस समाजवादी विचारधारा को लेकर साथ चल रही है। आगे राजद विधायक ने कहा कि देश की पहली महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले थी और उनकी जयंती मनाई जानी चाहिए। महिला दिवस उनके नाम पर होना चाहिए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को लेकर कहा कि उन्होंने ब्राह्मणों की अधीनता स्वीकार कर ली है। वे कहते हैं कि तीन प्रतिशत ब्राह्मण श्रेष्ठ हैं, थे और रहेंगे तो फिर बाकी 97 प्रतिशत तो शूद्र ही हैं न।