प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने झंझारपुर में सुगरवे वीयर के स्काडा सिस्टम का किया स्थल निरीक्षण, गेट को खुद ऑपरेट करके देखा
Saturday, Nov 30, 2024-06:15 PM (IST)
पटना: जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने शनिवार को झंझारपुर प्रखंड के अररिया संग्राम में सुगरवे नदी पर निर्मित वीयर के संचालन की आधुनिक स्काडा प्रणाली का स्थल निरीक्षण किया और इसके गेट नंबर 5 को खुद ऑपरेट करके देखा। उन्होंने सुगरवे वीयर और इसकी संचालन प्रणाली की नियमित मॉनिटरिंग और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
जल संसाधन विभाग द्वारा झंझारपुर प्रखंड के अररिया संग्राम में सुगरवे वीयर का निर्माण वर्ष 2013 में कराया गया था। वर्ष 2022 में इसका आधुनिकीकरण कराया गया और इसके संचालन के लिए आधुनिक स्काडा प्रणाली का प्रतिष्ठापन कराया गया। प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने स्काडा सिस्टम के कंट्रोल रूम और ऑपरेटर बिल्डिंग में जाकर एक-एक चीज का बारीकी से निरीक्षण किया और वीयर के एक गेट को खुद ऑपरेट करके देखा।

उल्लेखनीय है कि सुगरवे वीयर से निःसृत बाईं एवं दाईं नहर प्रणालियों से मधुबनी जिले के झंझारपुर प्रखंड अंतर्गत तुलापतगंज, सोहपुर, परसा, अररिया संग्राम, सिरखरिया, लवानी, खड़ौवा और रघुनंदनपुर ग्राम के किसानों को सिंचाई सुविधा प्रदान की जाती है। स्थल निरीक्षण के दौरान अभियंता प्रमुख (सिंचाई सृजन) एनके झा, अधीक्षण अभियंता (मॉनीटरिंग अंचल, पटना) अनिल कुमार मंडल सहित विभाग के कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।

