कुढ़नी उपचुनाव के परिणाम पर जगदानंद सिंह बोले- हमें धन दौलत और बूथ कैपचरिंग की वजह से मिली हार
Thursday, Dec 08, 2022-04:36 PM (IST)

पटनाः मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का परिणाम आ चुका है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव में मिली हार पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता इस हार को लेकर निराश ना हो। हमें जो ये हार मिली है, वह पैसे-धन दौलत और बूथ कैपचरिंग की वजह से मिली हैं।
बता दें कि कुढ़नी सीट पर भाजपा प्रत्याशी केदार गुप्ता ने कांटे की टक्कर में जदयू के मनोज कुशवाहा को 3740 वोट से मात दी है। कुढ़नी सीट पर हुए कांटे के मुकाबले में गुप्ता को 76,653 मत प्राप्त हुए जबकि कुशवाहा को 73,008 वोट मिले। इस सीट पर जदयू के उम्मीदवार मनोज कुशवाहा राज्य में सत्तारूढ़ महागठबंधन से चुनाव में उतरे थे जिसमें राष्ट्रीय जनता दल एक घटक है। इस सीट पर चुनाव कराने की जरूरत इसलिए हुई क्योंकि राजद के वर्तमान विधायक अनिल कुमार सहनी को अयोग्य घोषित कर दिया गया था । वर्ष 2020 में हुए चुनाव में सहनी ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी भाजपा के केदार गुप्ता को करीब 700 वोटों से पराजित किया था।