अनंत सिंह को बड़ी राहत, दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना हाई कोर्ट से मिली जमानत, कब तक होगी जेल से रिहाई
Thursday, Mar 19, 2026-01:15 PM (IST)
Anant Singh Bail : बिहार से इस वक्त बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। पटना हाई कोर्ट ने दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में सुनवाई करते हुए विधायक की जमानत अर्जी को स्वीकार कर लिया है। विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान हुए इस हत्याकांड के आरोप में अनंत सिंह बेऊर जेल में बंद थे।
क्या था पूरा मामला?
यह मामला बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान मोकामा क्षेत्र में हुई हिंसा से जुड़ा है। 30 अक्टूबर 2025 को मोकामा के तरतर गांव के समीप जन सुराज पार्टी से जुड़े पूर्व नेता दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। चुनाव प्रचार के दौरान दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में दुलारचंद यादव की जान चली गई थी, जिसका आरोप जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह पर लगा था।
मतदान से ठीक पहले पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनंत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए निचली अदालत ने उनकी जमानत याचिका को कई बार सिरे से खारिज कर दिया था, जिसके बाद अब पटना हाई कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वे कल यानी शुक्रवार को जेल से बाहर आ सकते हैं।

