Bihar Lok Sabha Elections: सातवें चरण की 3 सीट पर इंडिया गठबंधन के विधायक NDA सांसदों को देंगे चुनौती

5/27/2024 4:23:36 PM

पटना: बिहार लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें एवं अंतिम चरण में तीन सीट पर इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया गठबंधन) के आरा, नालंदा और जहानाबाद के विधायक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के वर्तमान सांसदों को चुनौती देंगे। बिहार लोकसभा चुनाव में सातवें चरण का मतदान 01 जून को पटना साहिब, पाटलिपुत्र, नालंदा, आरा, जहानाबाद, बक्सर, काराकाट और सासाराम (सु) में होना है। इनमें से तीन सीट आरा, नालंदा और जहानाबाद के विधायक राजग के वर्तमान सांसदों को चुनौती देंगे।

आरा संसदीय सीट से इंडिया गठबंधन के घटक भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) ने तरारी के विधायक सुदामा प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है। सुदामा प्रसाद अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। प्रसाद इस सीट पर केन्द्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी राजकुमार सिंह (आर.के.सिंह) को चुनौती देंगे। नालंदा संसदीय सीट से इंडिया गठबंधन के घटक वामदल की ओर से भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) के पालीगंज के विधायक संदीप सौरभ चुनावी समर में उतरे है। संदीप सौरभ जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ के महासचिव रह चुके हैं। वह पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। सौरभ, यहां जदयू प्रत्याशी और वर्तमान सांसद कौशलेन्द्र कुमार को चुनौती देंगे।

जहानाबाद सीट पर इंडिया गठबंधन के घटक दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपने दिग्गज नेता पूर्व सांसद और बेलागंज के विधायक सुरेन्द्र प्रसाद यादव को चुनावी रणभूमि में उतारा है। यादव ने बेलागंज विधानसभा सीट पर 1990, 1995, 2000, 2005, 2010, 2015 और 2020 लगातार सात बार चुनाव जीता है। यादव यहां जदयू प्रत्याशी और वतर्मान सांसद चंद्रेश्वर प्रसाद को चुनौती देंगे। वर्ष 2019 में भी जदयू और राजद के प्रत्याशी आमने-सामने थे। इन सबके बीच पूर्व सांसद अरूण कुमार भी चुनावी अखाड़े में उतर आये है। अरूण कुमार बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर चुनावी रणभूमि में उतरे हैं। राजद के पूर्व विधायक मुनि लाल यादव निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी जंग में कूद गए हैं और यहां मुकाबले को चतुष्कोणीय बनाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं।

इन सबके साथ ही इंडिया गठबंधन के घटक राजद के रामगढ़ के विधायक सुधाकर सिंह भी बक्सर संसदीय सीट से चुनावी अखाड़े में उतरे हैं। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र सुधाकर सिंह का यहां मुकाबला बैकुंठपुर से पूर्व विधायक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी से होगा। वहीं भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी आनंद मिश्रा, पूर्व विधायक ददन यादव और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के अनिल कुमार के चुनावी जंग में उतरने से बक्सर की चुनावी जंग बहुकोणीय हो गई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static