Bihar Election 2025: "दूसरे चरण के मतदान से पहले ही इंडिया गठबंधन ने मानी हार", BJP बोली- तेजस्वी यादव को थोड़ा...
Monday, Nov 10, 2025-06:28 PM (IST)
Bihar Election 2025: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ही इंडिया गठबंधन हताश और निराश होकर अपनी हार मान ली है। वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद (Ravi Shankar Prasad) ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बिहार में विधान सभा चुनाव के लिए प्रचार समाप्त हो गया है। अब मंगलवार को दूसरे चरण का मतदान होगा। उन्होंने दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा एनडीए के साथ एक निर्णायक, प्रभावी और ऐतिहासिक विजय की ओर बढ़ रही है। वहीं विपक्षी इंडिया गठबंधन को हार अभी से दिखायी देने लगी है।
तेजस्वी यादव को थोड़ा होमवर्क कर लेना चाहिए- Ravi Shankar Prasad
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव समाप्त होने से पहले ही विपक्ष इतना हताश हो जाएगा, ऐसी उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव आज मीडिया के सामने अपनी योजनाएं गिनवा रहे हैं... इसे हताशा की पराकाष्ठा कहा जा सकता है। प्रसाद ने कहा कि इसका मतलब यह हुआ कि चुनाव में हार देख राजद और कांग्रेस अभी से बहाने ढूंढने में जुट गए हैं। प्रसाद ने तेजस्वी के उस सवाल पर निशाना साधा जिसमें राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने कहा था कि भाजपा शसित राज्यों में ही इंडस्ट्रीज क्यों लगती है। उन्होंने कहा,‘‘इससे साफ हो गया है कि राहुल गांधी के संपर्क में आकर राजद नेता तेजस्वी यादव का भी वही हाल हो गया है। मैं बताना चाहता हूं कि तेजस्वी यादव को भी थोड़ा होमवर्क कर लेना चाहिए। बिहार में कई इंडस्ट्रीज लगी हैं और कई औद्योगिक घराने यहां व्यापार और पूंजी निवेश के लिये इच्छुक हैं।‘'
जनता इस बार भी इंडिया गठबंधन को मौका नहीं देने वाली- Ravi Shankar Prasad
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बिहार में अभी तक इथेनॉल के 17 प्रोजेक्ट शुरू हो गए हैं। बिहार में टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज का एक बहुत बड़ा क्षेत्र विकसित हुआ है। इसमें बेतिया, मधुबनी, पटना, बेगूसराय जिले में टेक्सटाइल के प्रमुख रूप से निवेश किए गए हैं। बिहार बिस्किट इंडस्ट्रीज का फूड प्रोसेसिंग में बहुत बड़ा केंद्र बन गया है। प्रसाद ने कहा कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि अब बिहार का वातावरण आतंक, अपराध और खौफ से मुक्त हो गया है। इसलिए पूंजी निवेश हुआ और निवेश करने के लिए व्यापारी और आगे आएंगे। भाजपा नेता ने कहा कि अगर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 20 साल के बाद भी जीत रहे हैं तो इसका सबसे बड़ा कारण जनता का विश्वास। प्रसाद ने कहा कि बिहार विधानसभा का यह चुनाव जंगलराज बनाम सुशासन रहा है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी अपने पिता की भ्रष्टाचार, कुशासन और खौफ की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रसाद ने कहा कि जनता सब समझती है इसलिये जनता इस बार भी इंडिया गठबंधन को मौका नहीं देने वाली है।

