हर्ष फायरिंग ने ली एक और जान, दूल्हे के भाई के सीने को भेदती हुई उसके साले को जा लगी गोली

5/22/2021 6:59:21 PM

मधेपुराः बिहार में हर्ष फायरिंग की घटनाओं थमने का नाम नहीं ले रही है। यहां लॉकडाउन के बावजूद हर्ष फायरिंग के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला मधेपुरा जिले का है, जहां शादी समारोह में फायरिंग के दौरान दूल्हे के भाई की गोली लगने से मौत हो गई। इस घटना में दूल्हे के भाई का साला भी घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के शेखपुर चमन गांव की है। बताया जा रहा है कि गांव के राजकिशोर यादव की बेटी खुशबू की शादी खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के मकेश्वर यादव के छोटे बेटे रणवीर कुमार से 21 मई को होने वाली थी। रात साढ़े 11 बजे बारात लड़की वालों के गांव पहुंची। जब बारात विवाह स्थल पर जा रही थी तो लड़की पक्ष की ओर से हर्ष फायरिंग होने लगी। तभी गोली दूल्हे के भाई राजेश की छाती को भेदती हुई उसके साला को जा लगी। आनन-फानन में दोनों को सहरसा ले जाया गया, लेकिन राजेश यादव की रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं लड़की के भाई को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद घायलों को लेकर बाराती पक्ष के लोग अस्पताल की ओर चल दिए, लेकिन लड़की वालों ने दूल्हे को जबरन रोककर शादी करवा दी। वहीं सुबह होते ही दूल्हा दुल्हन को घर में ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि शादी की सूचना भी थाने में नहीं दी गई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static