महाशिवरात्रि अभिनंदन महोत्सव में शामिल हुए राज्यपाल एवं CM, बिहार में सुख-शांति की कामना की
Sunday, Feb 19, 2023-10:47 AM (IST)

पटना(अभिषेक कुमार सिंह): बिहार के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खाजपुरा, नेहरू मार्ग स्थित शिव मंदिर के निकट महाशिवरात्रि शोभा यात्रा के अभिनंदन महोत्सव में सम्मिलित होकर भगवान भोलेनाथ, मां पार्वती एवं नंदी की आरती कर पूरे बिहार में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने की भोलेनाथ की पूजा अर्चना
महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर निकली शोभा यात्रा में शामिल संगठनों को प्रतीक चिन्ह भेंटकर मुख्यमंत्री ने स्वागत किया।महाशिवरात्रि महोत्सव के आयोजकों ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर अभिनन्दन किया। शोभा यात्रा में निकली भगवान भोलेनाथ की टोली का भव्य आरती और पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने शिव मंदिर, खाजपुरा जाकर भगवान भोलेनाथ एवं मां पार्वती की पूजा अर्चना भी की। आयोजकों ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर कई गणमान्य हुए शामिल
बता दें कि इस अवसर पर लेडी गवर्नर, सांसद रविशंकर प्रसाद, सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, विधायक नितिन नवीन, विधायक संजीव चौरसिया, पटना नगर निगम की मेयर सीता साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।