कुख्यात अपराधी को पकड़ने गई STF टीम पर अटैक, 3 जवानों को घायल कर छीने हथियार
Monday, Feb 23, 2026-12:48 PM (IST)
Bihar News : बिहार के गया जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई। हत्या के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची एसटीएफ (STF) की टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला बोल दिया। इस घटना में एसटीएफ के तीन जवान घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के खिरियावां गांव का है। एसटीएफ की टीम को सूचना मिली थी कि हत्या के एक मामले में नामजद आरोपी संजय मांझी खिरियावां गांव में छिपा है। टीम जैसे ही आरोपी के करीब पहुंची, उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर गांव के लोग बड़ी संख्या में वहां इकट्ठा हो गए और देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। भीड़ ने एसटीएफ के जवानों के हथियार तक छीन लिए। हालांकि, बाद में अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से हथियारों को बरामद कर लिया गया और घायल जवानों को मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया।
7 आरोपी हिरासत में
इधर घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस बल पर हमला करने के आरोप में अब तक 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों की मदद से अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है।

